October 21, 2026

जालंधर जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 8 से 11 अगस्त तक

जालंधर जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 8 से 11 अगस्त तक

– डीसी डा. हिमांशु अग्रवाल ने जारी किया चैंपियनशिप का आधिकारिक पोस्टर

– विजेताओं को मिलेंगे 5 लाख के पुरस्कार, 500 खिलाड़ी लेंगे भाग

– पूर्व अंतर राष्ट्रीय खिलाड़ी एम.एल मागो को मिलेगा रायज़ादा हंसराज सोंधी लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड  

जालंधर, 26 जुलाई 2024 : जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, जालंधर की तरफ से 8 से 11 अगस्त तक रायजादा हंसराज स्टेडियम में इंडियन ऑयल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया जायेगा। शनिवार को डीबीए प्रधान एवं डीसी, जालंधर डा. हिमांशु अग्रवाल (आईएएस) ने चैंपियनशिप का आधिकारिक पोस्टर जारी किया। डीबीए के सचिव एवं पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी रितिन खन्ना ने बताया कि चैंपियनशिप के दौरान अंडर- 11,13,15,17,19 में लड़के,लड़कियों,पुरुष और महिला वर्ग के सिंगल्स, डबल्स एवं मिक्सड डबल्स मुकाबले करवाए जाएंगे। वेटरन कैटेगरी में 35 प्लस से लेकर 65 प्लस आयु वर्ग के इवेंट होंगे। हर खिलाड़ी के लिए प्रति इवेंट 850 रुपए फीस तय की गयी है और 4 अगस्त तक खिलाड़ी अपना नाम पंजीकृत करवा सकते हैं। टूर्नामेंट में 35 इवेंट्स में 500 से ज्यादा  खिलाड़ियों के भाग लेने का अनुमान है।

रितिन खन्ना ने बताया कि टूर्नामेंट के विजेता खिलाड़ी जालंधर का प्रतिनिधित्व पंजाब चैंपियनशिप में करेंगे । उन्होंने कहा सभी खिलाड़ियों को आयु प्रमाण पत्र लाना आवश्यक है। उम्र सम्बन्धी फर्ज़ीवाड़े को रोकने के लिए डीबीए ने पहली बार आधार हिस्ट्री वेरिफिकेशन सिस्टम लागू किया है । उन्होंने बताया कि प्रतिभागी दो पासपोर्ट साइज तस्वीरों के साथ रायज़ादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में आकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

रितिन खन्ना ने बताया कि 11 अगस्त को डीसी जालंधर डा. हिमांशु अग्रवाल विजेताओं को सम्मानित करेंगे जबकि इंडियन आयल के जालंधर डिवीज़न हेड श्री राजन बेरी विशेष मेहमान होंगे। चैंपियनशिप के दौरान फ्री रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था होगी। मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। डीबीए के 50 साल के इतिहास में पहली बार विजेताओं को 5 लाख के नकद और अन्य आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। हर प्रतिभागी को प्रमाण पत्र व ट्रॉफी दी जाएगी। महिला एवं पुरुष एकल मुकाबले के विजेताओं को सिंधु एवं गोपीचंद ट्राफी के साथ 21000 का नगद इनाम भी दिया जायेगा। पूर्व अंतर राष्ट्रीय खिलाड़ी एम.एल मागो को डीबीए की तरफ से रायज़ादा हंसराज सोंधी लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जायेगा।

इस आयोजन में डीबीए को इंडियन ऑयल, लिनिंग,एमके वायर्स, मेट्रो मिल्क, करतार वाल्वस,जगतजीत इंडस्ट्रीज, सावी इंटरनेशनल,न्यूऐज ऑटोस,फूडकोस्ट और एलपीयू ने विशेष सहयोग दिया है।

About The Author

You may have missed