October 22, 2026

मुख्य मंत्री ने दोहराया: “भ्रष्टाचार के प्रति कोई रियायत नहीं बरती जाएगी”

मुख्य मंत्री ने दोहराया: “भ्रष्टाचार के प्रति कोई रियायत नहीं बरती जाएगी”

– “भ्रष्टाचार के खिलाफ छेड़ी गई जंग में अपना हो या पराया, कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे”

– “भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी लड़ाई किसी व्यक्ति के विरुद्ध नहीं, बल्कि भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ है”

– “आम लोगों से भ्रष्टाचार विरोधी जंग में साथ देने की अपील”

(Krishna Raja) चंडीगढ़, 23 मई 2025: पंजाब सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के प्रति कोई रियायत न बरतने की नीति को दोहराते हुए, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि कोई भी अधिकारी या राजनेता, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, मानवता के खिलाफ ऐसे जघन्य अपराध के लिए बख्शा नहीं जाएगा।

लोगों को दिए गए संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की कार्रवाई ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू की गई जंग में अपने-पराए का कोई फर्क नहीं किया जाता।

उन्होंने कहा कि किसी सत्ताधारी पार्टी का हिस्सा होना या विपक्षी दल से जुड़े होने से किसी अफसर या नेता को भ्रष्टाचार करने का लाइसेंस नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसे लोगों के खिलाफ अनुकरणीय कार्रवाई की है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी भी तरह की संलिप्तता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह पाप करने वाले व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने साल 2022 में पदभार संभाला था और उस समय से लेकर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि हमने लोगों को गारंटी दी थी कि सरकार में भ्रष्टाचार को सहन नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारे सिस्टम को भ्रष्टाचार दीमक की तरह लगी हुई है और भ्रष्ट कार्रवाई करने वाले कर भरने वाले लोगों के पैसे को खुर्द-बुर्द करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं बल्कि भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि सत्ता की धौंस से कारोबारियों और दुकानदारों की खुलेआम लूट होती हो तो ऐसे मौके पर सरकार चुप करके नहीं बैठ सकती। उन्होंने कहा कि रसूखदार राजनेताओं द्वारा कुछ अफसरों के साथ मिलीभगत करके भोले-भाले लोगों को ब्लैकमेल करके उनसे फिरौती मांगने को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

लोगों को भ्रष्टाचार विरोधी अभियान का अभिन्न अंग बनने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्ट तत्वों के खिलाफ उनके द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायतों पर सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई भ्रष्ट उद्देश्यों के लिए उनके काम में अनावश्यक देरी या बाधाएं पैदा करता है तो आम आदमी को आगे आकर उनके खिलाफ शिकायत करनी चाहिए। राज्य सरकार उनके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमारे लिए भ्रष्ट, भ्रष्ट है, चाहे हमारा हो या कोई और और मैं वादा करता हूं कि जिसके भी हाथ भ्रष्टाचार में रंगे हुए हैं, मेरी सरकार उन्हें बख्शेगी नहीं।”

About The Author

You may have missed