October 21, 2026

रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम को खेल मंत्री परगट सिंह की नववर्ष की सौगात, 23 लाख की ग्रांट मंजूर

रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम को खेल मंत्री परगट सिंह की नववर्ष की सौगात, 23 लाख की ग्रांट मंजूर

स्टेडियम में बनेगा छठा सिंथेटिक कोर्ट, जिम्नेजियम बनेगा आधुनिक, हॉस्टल के कमरों का भी होगा नवीनीकरण

जालंधर, 6 जनवरी 2022  : खेल मंत्री परगट सिंह ने जालंधर के रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम को नववर्ष की सौगात देते हुए 23 लाख रुपए की ग्रांट आवंटित की है। इस राशि से स्टेडियम में विभिन्न कार्यों को पूर्ण किया जाएगा जिनमें नया सिंथेटिक कोर्ट बनाना, हॉस्टल के कमरों की हालत सुधारते हुए उन्हें एयर कंडीशंड करना और जिम्नेजियम को बड़ा करते हुए नवीनीकरण के तहत उसमें आधुनिक मशीनरी लगाना आदि शामिल हैं। खेल मंत्री परगट सिंह के निर्देशानुसार खेल विभाग ने अपने कंस्ट्रक्शन विंग के माध्यम से ई टेंडर भी लगवा दिए हैं और आने वाले दिनों में इन कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

 इस बारे में जानकारी देते हुए डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव एवं पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी रितिन खन्ना ने बताया कि उन्होंने खेल मंत्री परगट सिंह को एक पत्र सौंपकर नए सिंथेटिक कोर्ट को बनाने, जिम्नेजियम के अपग्रेडेशन और हॉस्टल के नवीनीकरण के लिए 23 लाख की ग्रांट देने का आग्रह किया था।

इस आग्रह को स्वीकार करते हुए परगट सिंह द्वारा ग्रांट को मंजूर कर लिया गया। पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी रितिन खन्ना ने बताया कि वर्तमान में रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में पांच सिंथेटिक कोर्ट लगे हैं और विभिन्न शिफ्टों में सैकड़ों खिलाड़ी यहां प्रैक्टिस करते हैं। इसके बावजूद कोर्ट कम होने की वजह से एसोसिएशन कई और खिलाडिय़ों को एडमिशन नहीं दे पा रही थी जोकि स्टेडियम में आकर प्रैक्टिस करना चाहते हैं। इसलिए एक और नए सिंथेटिक कोर्ट के बन जाने से ज्यादा खिलाड़ी स्टेडियम में प्रैक्टिस कर पाएंगे।

छठे सिंथेटिक कोर्ट के बन जाने से यहां राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट के आयोजन का भी रास्ता साफ हो जाएगा। रितिन खन्ना ने बताया कि अब जिम्नेजियम को भी अपग्रेड किया जाएगा। 5 लाख रूपए की लागत से जिम्नेजियम का साइज और बड़ा किया जाएगा और आधुनिक मशीनरी लगाई जाएगी।

दूसरे शहरों से आने वाले खिलाडिय़ों को मिलेगी बढिय़ा आवासीय सुविधा

पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी रितिन खन्ना ने खेल मंत्री परगट सिंह का आभार जताते हुए कहा कि स्टेडियम के हॉस्टल में 15 कमरे हैं जिनकी हालत ज्यादा अच्छी नहीं है। इसी कारण दूसरे शहरों से आने वाले खिलाडिय़ों को यहां रहने में समस्या का सामना करना पड़ता है। अब इन कमरों की हालत सुधारते हुए इन्हें एयर कंडीशंड किया जाएगा जिससे दूसरे शहरों के खिलाडिय़ों को यहां रहने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही खिलाडिय़ों की खाने की समस्या का समाधान करते हुए स्टेडियम में स्पोट्र्स रेस्टोरेंट का निर्माण किया जा रहा है।

परगट सिंह ने एक सच्चे खिलाड़ी के रूप में वादा निभाया : रितिन खन्ना

पूर्व ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह ने हाल ही में रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में बतौर मुख्त अतिथि एक टूर्नामेंट में शिरकत की थी। इस दौरान उन्होंने बढिय़ा काम के लिए डीबीए सचिव एवं पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी रितिन खन्ना व उनकी टीम की पीठ थपथपाते हुए वादा किया था कि पंजाब सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम के विकास के लिए जब भी उनसे मदद मांगी जाएगी वह हरसंभव मदद करेंगे। 23 लाख रुपए की ग्रांट मंजूर करके उन्होंने सच्चे खिलाड़ी के रूप में किया वादा निभा दिया है।

About The Author

You may have missed